Patna: सरैया थाना क्षेत्र के सुपना चवर में 14 जुलाई को हुए अर्जुन कुमार हत्याकांड का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है. मामले में पुलिस ने बादल कुमार को गिरफ्तार किया है. उसने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. जांच में पता चला कि अर्जुन के चचेरे भाई विजय सहनी की कुछ दिन पहले मुंबई में एक कंपनी में काम के दौरान करंट लगने से मौत हो गई थी. विजय के परिजनों को शक था कि अर्जुन ने झाड़-फूंक/ओझा-गुनी करके विजय की हत्या करवाई है. इसी रंजिश के चलते गिरफ्तार आरोपी बादल कुमार और उसके सहयोगियों ने अर्जुन को गोली मारकर हत्या कर दी.
झाड़-फूंक का काम करता था मृतक
जानकारी के मुताबिक 14 जुलाई को सरैया थाना क्षेत्र के सुपना चवर में अर्जुन कुमार का शव बरामद हुआ था. सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. घटना के संदर्भ में मृतक के पुत्र के आवेदन पर सरैया थाना (कांड सं 530/26) में मामला दर्ज किया गया. आवेदन में बताया गया था कि अर्जुन कुमार 13 जुलाई की रात शौच के लिए घर से निकले थे और वापस नहीं लौटे. साथ ही बताया गया कि मृतक झाड़-फूंक का काम करते थे. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुजफ्फरपुर एसएसपी के निर्देश पर सरैया एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बादल कुमार को गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पुलिस ने उसके पास से मोबाइल और बाईक भी बरामद की है. अन्य संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
