Ranchi: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का कार्य अंतिम चरण में पहुंच गया है. मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तैयारी को लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों को लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया है. उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिकारी जीरो पेंडेंसी के लक्ष्य के साथ काम करें और किसी भी स्तर पर मामले लंबित नहीं रहने दें.

लंबित मामलों की व्यक्तिगत समीक्षा का निर्देश

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बुधवार को निर्वाचन सदन से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारियों, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे. इस दौरान उन्होंने विधानसभा क्षेत्रवार लंबित मामलों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की. उन्होंने निर्देश दिया कि जिन मामलों का अब तक निष्पादन नहीं हुआ है, उनका व्यक्तिगत रूप से नियमानुसार गहन निरीक्षण किया जाए. आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने और तथ्यों का सत्यापन करने के बाद संबंधित मतदाताओं को सुनवाई का अवसर दिया जाए. इसके बाद प्रत्येक मामले में नियमानुसार अंतिम निर्णय लिया जाए.

मतदान केंद्रों की मैपिंग और जियो टैगिंग भी करें पूरी

के. रवि कुमार ने मतदाता सत्यापन के साथ मतदान केंद्रों से जुड़े अन्य कार्यों को भी समय पर पूरा करने को कहा. इसमें मतदान केंद्रों का नजरी नक्शा तैयार करना, मतदान केंद्रों की तस्वीर लेना और जियो टैगिंग सहित अन्य जरूरी अपडेशन शामिल हैं. उन्होंने ड्राफ्ट मतदाता सूची के बाद प्रतिदिन प्राप्त हो रहे आवेदनों को उसी दिन ECINET पर अपडेट करने का भी निर्देश दिया.

लगातार पांच घरों में जाकर करें मतदाता सत्यापन

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने उन मतदान केंद्र क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने को कहा, जहां नए मतदाताओं के नामांकन के लिए कम आवेदन प्राप्त हो रहे हैं. ऐसे क्षेत्रों में सुपरचेकिंग के दौरान अधिकारियों को होम-टू-रोल वेरिफिकेशन की गहन समीक्षा करनी होगी. उन्होंने निर्देश दिया कि भौतिक सत्यापन के दौरान अधिकारी लगातार कम से कम पांच घरों में जाएं और वहां रहने वाले प्रत्येक पात्र भारतीय नागरिक के मतदाता सूची में शामिल होने की स्थिति की जांच करें. इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए.

कई निर्वाचन अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुबोध कुमार, राज्य प्रशिक्षण नोडल पदाधिकारी देव दास दत्ता, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार सहित सभी जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी, निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *