Patna: बिहार के किसानों के लिए संस्थागत कृषि ऋण प्राप्त करना अब पहले से आसान और तेज होने जा रहा है. किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) सहित अन्य कृषि ऋण सुविधाओं को सरल बनाने के लिए राज्य सरकार जनसमर्थ पोर्टल और अपने सहयोग कार्यक्रम को एकीकृत रूप से लागू करने जा रही है. इसकी शुरुआत 1 दिसंबर 2026 से खगड़िया और भोजपुर जिले में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में होगी. इस डिजिटल व्यवस्था के तहत किसान ऋण के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे और आधार आधारित ई-केवाईसी तथा डिजिटल भूमि सत्यापन के जरिए आवेदन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. जनसमर्थ की प्रस्तावित व्यवस्था में किसान क्रेडिट कार्ड ऋण वितरण की प्रक्रिया को लगभग 15 मिनट तक सीमित करने का लक्ष्य रखा गया है.
खगड़िया और भोजपुर में लगेंगे विशेष कृषि ऋण शिविर
विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में इस योजना के क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई. निर्णय लिया गया कि दोनों जिलों में सहयोग कार्यक्रम के तहत आयोजित होने वाले शिविरों के साथ विशेष कृषि ऋण शिविर भी लगाए जाएंगे. यहां किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी, ऋण आवेदन और बैंकिंग सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास होगा. पायलट चरण में प्रत्येक भाग लेने वाली बैंक शाखा से कम से कम एक किसान क्रेडिट कार्ड ऋण स्वीकृत करने का लक्ष्य रखा गया है.
54.71 लाख पंजीकृत किसानों में 16 लाख प्रारंभिक रूप से पात्र
बिहार की किसान रजिस्ट्री में वर्तमान में 54.71 लाख किसान पंजीकृत हैं. इनमें लगभग 35 लाख एकल भूमि धारक किसान हैं. जनसमर्थ पोर्टल की मौजूदा पात्रता व्यवस्था के अनुसार लगभग 16 लाख किसानों को प्रारंभिक रूप से ऋण के लिए पात्र चिह्नित किया गया है. फिलहाल पोर्टल पर एकल भूमि धारक किसानों के लिए ऋण आवेदन की सुविधा उपलब्ध है.
कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म से खत्म होगी कागजी परेशानी
नई व्यवस्था में किसानों को अलग-अलग योजनाओं और बैंकों के लिए बार-बार आवेदन करने तथा दस्तावेज जमा करने की परेशानी कम होगी. जनसमर्थ पोर्टल और सहयोग कार्यक्रम के बीच समन्वय स्थापित कर कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म की व्यवस्था की जा रही है. इसके माध्यम से किसान एकीकृत प्रक्रिया के तहत आवेदन कर सकेंगे। शिविरों में आवेदन भरने से लेकर बैंकिंग प्रक्रिया पूरी करने तक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी.
आधार और जमीन के डिजिटल रिकॉर्ड से होगा सत्यापन
जनसमर्थ पोर्टल को एग्रीस्टैक के साथ तकनीकी रूप से जोड़ दिया गया है. इसके माध्यम से किसान रजिस्ट्री, भू-अभिलेख और फसल बुआई से संबंधित डिजिटल आंकड़ों के आधार पर किसानों की पहचान, जमीन और कृषि गतिविधियों का सत्यापन किया जा सकेगा.
आवेदन के दौरान आधार आधारित ई-केवाईसी, डिजिटल भूमि स्वामित्व सत्यापन, खेतों के GPS निर्देशांक और जरूरत के अनुसार फसल सत्यापन की व्यवस्था होगी. इसके अलावा किसान की क्रेडिट हिस्ट्री, पूर्व ऋण और बकाया स्थिति के आधार पर बैंक ऋण पात्रता का आकलन करेंगे. ऋण स्वीकृति या अस्वीकृति की डिजिटल सूचना, ई-साइन से ऋण समझौता और डिजिटल लियन मार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध होगी.
दो लाख रुपये तक बिना जमानत ऋण की सुविधा
किसान क्रेडिट कार्ड के तहत पात्र किसानों को दो लाख रुपये तक बिना जमानत ऋण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया है. वर्तमान जनसमर्थ कार्यप्रवाह में इस सीमा तक ऋण आवेदन की डिजिटल प्रक्रिया उपलब्ध है. हालांकि, इससे अधिक राशि के ऋण को भी डिजिटल तरीके से संचालित करने के लिए भूमि अभिलेखों पर ऋण संबंधी भार दर्ज करने की इलेक्ट्रॉनिक व्यवस्था विकसित करनी होगी. इसके लिए राज्य सरकार, बैंकों और राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा.
12 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक पोर्टल से जुड़े
जनसमर्थ के किसान क्रेडिट कार्ड मॉड्यूल से 12 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक एकीकृत हैं. इनमें भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन ओवरसीज बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, बैंक ऑफ बड़ौदा, केनरा बैंक, इंडियन बैंक, यूको बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शामिल हैं. बिहार में इन बैंकों की शाखाओं की सक्रिय भागीदारी से योजना को गांवों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी.
कृषि विकास को मिलेगी नई रफ्तार
बैठक में बताया गया कि बिहार की कृषि विकास दर लगातार राष्ट्रीय कृषि विकास दर से लगभग दो प्रतिशत अधिक रही है. इस प्रगति को बनाए रखने के लिए किसानों को समय पर संस्थागत ऋण उपलब्ध कराना जरूरी है. जनसमर्थ और सहयोग कार्यक्रम के संयुक्त क्रियान्वयन से डिजिटल तकनीक, बैंकिंग नेटवर्क और सरकारी योजनाओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा. खगड़िया और भोजपुर में पायलट की सफलता के आधार पर राज्य में किसान-केंद्रित डिजिटल बैंकिंग व्यवस्था को आगे विस्तार देने की दिशा में कदम बढ़ाया जाएगा.
