Ranchi: आगामी पर्व मिलाद-उल-नबी को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने के लिए राँची पुलिस ने कमर कस ली है. रांची एसएसपी के निर्देश पर मंगलवार को शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फ्लैग मार्च निकाला गया. पुलिस का मुख्य फ्लैग मार्च फिरायालाल चौक से डोरंडा तक निकाला गया. इसके अलावा फिरायाल चौक-एकरा मस्जिद-कर्बला चौक-विक्रांत चौक-फिरायालाल चौक सहित शहर के अन्य संवेदनशील और महत्वपूर्ण इलाकों में भी पैदल गश्त की गई. बाइक दस्ते ने मेन रोड होते हुए एकरा और डोरंडा थाना क्षेत्र में भी पेट्रोलिंग की. प्रमुख मार्गों और संभावित जुलूस मार्गों का भी जायजा लिया गया.
ड्रोन से निगरानी, RAF-IRB भी शामिल
फ्लैग मार्च में सिटी एसपी, एसडीओ सदर, वरीय डीएसपी नगर के साथ RAF, IRB, बाइक दस्ता और सभी संबंधित थाना प्रभारी शामिल हुए. संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस बल की तैनाती की समीक्षा की गई. सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए ड्रोन के जरिए भी निगरानी की गई. मैदान में तैनात जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए.
पुलिस की अपील
राँची पुलिस ने आमजनों से अपील की है कि पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखें. किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें. किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें. पुलिस ने कहा है कि मिलाद-उल-नबी को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए राँची पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है. शहर के सभी थाना क्षेत्रों में विशेष पेट्रोलिंग और गश्त लगातार जारी रहेगी.
