Ranchi: राजधानी में अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए रांची पुलिस ने अपनी रणनीति तेज कर दी है. अब जेल से जमानत पर बाहर आए अपराधियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी. एनडीपीएस, चोरी, आर्म्स एक्ट, जुआ और शराब सहित विभिन्न आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे संदिग्धों का सत्यापन कराया जाएगा. आदतन अपराधियों को चिह्नित कर उनका बैड कैरेक्टर रजिस्टर भी अपडेट किया जाएगा. बुधवार को सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी और ट्रैफिक एसपी की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित अपराध गोष्ठी में इस संबंध में सभी थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.

फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलेगा विशेष अभियान

अपराध गोष्ठी में जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे. बैठक में लंबित कांडों की समीक्षा करते हुए उनके त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया. सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी गश्ती सुनिश्चित करने, वांछित एवं फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा अपराधियों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने को कहा गया. अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए मजबूत आसूचना तंत्र विकसित करने पर भी जोर दिया गया.

जमानत पर छूटे अपराधियों का होगा सत्यापन

पुलिस ने जेल से जमानत पर बाहर आए अपराधियों पर विशेष फोकस करने का निर्णय लिया है. एनडीपीएस एक्ट, चोरी, शस्त्र अधिनियम, जुआ और शराब सहित अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे व्यक्तियों के वर्तमान ठिकानों, गतिविधियों और कार्यकलापों का सत्यापन कराया जाएगा. संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

आदतन अपराधियों का बनेगा बैड कैरेक्टर रजिस्टर

लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने वाले और आदतन अपराधियों को चिह्नित कर उनका बैड कैरेक्टर रजिस्टर संधारित एवं अद्यतन रखने का निर्देश दिया गया है. ऐसे अपराधियों के आपराधिक इतिहास और वर्तमान गतिविधियों के आधार पर निगरानी प्रस्ताव तैयार करने तथा जरूरत पड़ने पर निरोधात्मक कार्रवाई करने को कहा गया है.

छठ, जतरा और काली पूजा को लेकर सुरक्षा की तैयारी

आगामी छठ पूजा, जतरा और काली पूजा मूर्ति विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भी विशेष तैयारी करने का निर्देश दिया गया. पूजा स्थलों, छठ घाटों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, बैरिकेडिंग और असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने को कहा गया.

मूर्ति विसर्जन के दौरान बदली रहेगी यातायात व्यवस्था

ट्रैफिक एसपी ने पर्व-त्योहारों और मूर्ति विसर्जन के दौरान सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में यातायात नियंत्रण, जरूरत के अनुसार रूट डायवर्जन, पार्किंग की व्यवस्था और अतिरिक्त यातायात बल की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया. आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखने का निर्देश दिया गया.

Patna:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed