Ranchi: छठ महापर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए रांची जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं. छठ घाटों पर श्रद्धालुओं और व्रतियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पानी में तीन फीट की गहराई के बाद बैरिकेडिंग करने का निर्देश दिया गया है. वहीं, अत्यंत संवेदनशील घाटों पर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की टीमें तैनात रहेंगी. बुधवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.

12 छठ घाटों पर पहुंचकर लिया तैयारियों का जायजा

उपायुक्त ने हातमा, कांके डैम, मधुकम, हटानिया, बड़ा तालाब, जेल तालाब, चडरी, अरगोड़ा, धुर्वा, बटन तालाब, बनस तालाब (चुटिया) और पावर हाउस तालाब स्थित छठ घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पूजा समितियों के सदस्यों से बातचीत कर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा से संबंधित तैयारियों की जानकारी ली. उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया.

तीन फीट पानी के बाद होगी घेराबंदी

घाटों पर जलस्तर और पानी की गहराई को देखते हुए उपायुक्त ने तीन फीट की गहराई के बाद बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने को कहा. खतरनाक और गहरे जल वाले स्थानों को चिह्नित कर चेतावनी संकेतक लगाने का भी निर्देश दिया गया. श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षित सीमा के भीतर ही अर्घ्य देने के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि किसी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके.

संवेदनशील घाटों पर NDRF-SDRF और गोताखोर रहेंगे तैनात

अत्यंत संवेदनशील घाटों पर NDRF और SDRF की टीम तैनात की जाएगी. इसके अलावा जरूरत के अनुसार गोताखोर, बचाव दल और आपातकालीन संसाधन भी उपलब्ध रहेंगे. उपायुक्त ने पूजा समितियों को गोताखोरों के मोबाइल नंबर साझा करने का निर्देश दिया, ताकि आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके.

घाटों तक पहुंचने वाले रास्ते होंगे दुरुस्त

व्रतियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो, इसके लिए घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को डस्ट डालकर समतल और सुगम बनाने का निर्देश दिया गया. घाटों पर साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सुरक्षित बिजली व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने को कहा गया. फिसलन वाले स्थानों को सुरक्षित बनाने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए भी आवश्यक इंतजाम करने का निर्देश दिया गया.

नगर निगम क्षेत्र से बाहर के घाटों पर भी रहेगी नजर

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम क्षेत्र के बाहर स्थित छठ घाटों पर भी सुरक्षा और सुविधाओं की व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए. इसके लिए स्थानीय पूजा समितियों और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया. घाटों पर प्रशासनिक एवं पुलिस बल की तैनाती और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी.

निरीक्षण में कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा, एसडीओ सदर कुमार रजत, एडीएम (विधि-व्यवस्था) धनंजय, जिला परिवहन पदाधिकारी अखिलेश सिंह सहित पथ निर्माण, विद्युत और नगर निगम के पदाधिकारी मौजूद रहे. इसके अलावा समाजसेवी आलोक दुबे, शांति समिति के सदस्य, वार्ड पार्षद और विभिन्न छठ तालाब समितियों के अध्यक्ष एवं सचिव भी उपस्थित थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed