Patna: भोजपुर पुलिस ने आरा में स्पा सेंटर की आड़ में संचालित अवैध देह व्यापार के धंधे का खुलासा किया है. नवादा थाना क्षेत्र के करमन टोला स्थित रेडियंट स्पा सेंटर में छापेमारी कर पुलिस ने दो युवतियों को सुरक्षित मुक्त कराया है. पुलिस के अनुसार, दोनों युवतियों को बंगाल से अच्छी नौकरी और आर्थिक लाभ का प्रलोभन देकर यहां लाया गया था. आरोप है कि स्पा सेंटर में उनसे जबरन देह व्यापार कराया जा रहा था. मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया है.
बंद कमरों से दो युवतियों को कराया मुक्त
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को मानव व्यापार निरोध इकाई (AHTU) को सूचना मिली थी कि रेडियंट स्पा सेंटर की आड़ में दूसरे राज्य की महिलाओं को लाकर अवैध देह व्यापार कराया जा रहा है. सूचना के आधार पर एसपी को अवगत कराया गया. इसके बाद AHTU भोजपुर, एनजीओ ‘दिशा एक प्रयास’ और नवादा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने दंडाधिकारी की मौजूदगी में स्पा सेंटर की तलाशी ली. छापेमारी के दौरान स्पा सेंटर के अंदर बने बंद कमरों से दो युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. पूछताछ में युवतियों ने बताया कि स्पा संचालक अमित कुमार और महिला संचालिका उन्हें बंगाल से अच्छी नौकरी और आर्थिक लाभ का प्रलोभन देकर यहां लाए थे. इसके बाद कथित रूप से जबरन देह व्यापार के धंधे में धकेल दिया गया. पुलिस ने स्पा सेंटर की तलाशी के दौरान कई संदिग्ध सामग्रियां, तीन मोबाइल फोन और एक रजिस्टर बरामद किया है. इस संबंध में आरा नवादा थाना (कांड संख्या 846/26) में प्राथमिकी दर्ज की गई है.
