Ranchi: रांची के मांडर थाना क्षेत्र में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात धमाके की आवाज से इलाके में दहशत फैल गई थी. पुलिस ने जांच में पाया कि यह कोई आतंकी घटना या उच्च क्षमता वाला विस्फोट नहीं, बल्कि प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद में डराने के लिए सुतली बम का इस्तेमाल किया गया था.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 29-30 जून की रात करीब 12:30 बजे मांडर थाना क्षेत्र में धमाके की सूचना पुलिस को मिली. सूचना पर पहुंची पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि घटना प्रेम-प्रसंग से संबंधित मामला था. जांच में यह भी पाया गया कि घटना में किसी उच्च क्षमता वाले विस्फोटक का प्रयोग नहीं किया गया था. बल्कि साधारण मनोरंजन के लिए उपयोग होने वाले सुतली बम का डराने के लिए उपयोग किया गया था. इस घटना में दो मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. अन्य संबंधित व्यक्तियों की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी जारी है. पुलिस आरोपियों के नेटवर्क और सुतली बम की खरीद के स्रोत की भी जांच कर रही है. राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि अथवा किसी के घायल होने की सूचना नहीं है. धमाके से सिर्फ दहशत फैली थी.
