Ranchi: हजारीबाग पुलिस ने रामगढ़-हजारीबाग अवैध हथियार तस्करी रैकेट का पर्दाफाश किया है. बरही थाना क्षेत्रा के रसोईयाधमना में छापामारी कर पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. उसके पास से देशी रिवाल्वर, दो गोली, एक मिसफायर गोली, एक मोबाईल और एक बाईक पुलिस ने बरामद किया है. गिरफ्तार आरोपी मो0 आमिर सोहेल उर्फ राजा बाबू बरही थाना क्षेत्र के रसोईयाधमना का रहने वाला है.

हथियार तस्करी के लिए बनाया है ग्रुप

मिली जानकारी के मुताबिक हजारीबाग एसपी को गुप्त सूचना मिली कि कुछ अपराधी रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र से सस्ते दाम पर अवैध हथियार खरीदकर लाते हैं और हजारीबाग के विभिन्न थाना क्षेत्रों में महंगे दाम पर बेचकर मुनाफा कमाते हैं.सूचना पर बरही एसडीपीओ के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. तकनीकी लोकेशन के आधार पर छापामारी टीम रसोईयाधमना पहुंची. पुलिस को देखकर भाग रहे मो0 आमिर सोहेल उर्फ राजा बाबू को पकड़ा गया. कड़ाई से पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने संगठन के 4 अन्य सदस्य सकलैन रजा उर्फ सकलेन कुरैशी, इकरार, बाबर और मुनाजिर हुसैन उर्फ बबलू के साथ मिलकर भुरकुंडा से अवैध हथियार खरीदकर हजारीबाग के विभिन्न इलाके में बेचता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *