Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य में 1 करोड़ नए राशन कार्ड बनाने का निर्देश दिया है. यह निर्णय गुरुवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रहलाद जोशी के साथ हुई उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में लिया गया. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को लक्ष्य को जल्द पूरा करने को कहा. सभी योजनाओं के लाभार्थियों का सटीक एवं अद्यतन डेटाबेस तैयार करने का निर्देश दिया ताकि पात्र लोगों को समय पर लाभ मिले.
पीडीएस व्यवस्था और मॉनिटरिंग
राशन वितरण की नियमित एवं प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि हर पात्र लाभार्थी को सम्मानपूर्वक और बिना बाधा के खाद्यान्न मिले. बिहार की ऑनलाइन सार्वजनिक वितरण प्रणाली के बेहतर प्रदर्शन की सराहना भी की गई.
वेयरहाउस होंगे स्मार्ट
पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत खाद्यान्न भंडारण को आधुनिक बनाने के लिए स्मार्ट वेयरहाउसिंग विकसित करने पर बल. सभी गोदामों की गुणवत्ता, क्षमता, सुरक्षा एवं रखरखाव को प्राथमिकता देने और बिजली व बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आदेश.
‘गरीब कल्याण विद डिग्निटी’
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के ‘गरीब कल्याण विद डिग्निटी’ के संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता से लागू करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है. बैठक में खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, भारत सरकार के संयुक्त सचिव रविशंकर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने बिहार सरकार के प्रयासों की सराहना की और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया.
