Patna: बिहार में किसानों और नवीकरणीय ऊर्जा को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी किसानों को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक एग्रीकल्चर फीडर से नियमित विद्युत आपूर्ति की जाए. गुरुवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में मुख्यमंत्री ने केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रहलाद जोशी के साथ बिहार में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की. सभी किसानों को सुबह 6 बजे से शाम 6 बजे तक एग्रीकल्चर फीडर से बिजली देने का निर्देश दिया गया है. इससे सिंचाई आसान होगी.
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना तेज होगी
मुख्यमंत्री ने पात्र परिवारों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए जनजागरूकता बढ़ाने और प्रक्रिया को सरल व समयबद्ध बनाने को कहा है. जिलाधिकारियों को लक्ष्य तेजी से पूरा करने का आदेश दिया है. किसानों को सौर ऊर्जा आधारित सिंचाई सुविधा देने पर जोर दिया. इससे कृषि लागत घटेगी और स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा.
फ्लोटिंग सोलर और ग्रीन हाइड्रोजन
बिहार के जलाशयों पर फ्लोटिंग सोलर परियोजना की संभावनाओं का अध्ययन कर नई कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया है. राज्य के लिए ग्रीन हाइड्रोजन नीति तैयार करने पर भी सहमति बनी है. निजी निवेश को बढ़ावा दिया जाएगा. नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में निजी निवेश आकर्षित करने के लिए पारदर्शी और अनुकूल वातावरण विकसित करने के निर्देश दिया गया है. बैठक में ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, भारत सरकार के सचिव संतोष कुमार सारंगी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.
