Patna: गोबर पाथने को लेकर हुए मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया. डगरुआ थाना क्षेत्र के कचना रहिका गांव में 24 अगस्त को दो चचेरे भाइयों के बीच झगड़ा इतना बढ़ा कि एक ने दूसरे की भाभी को गोली मार दी. घटना में घायल महिला को इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी समेत परिवार के 5 लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के घर से देशी कट्टा और गोली भी बरामद हुआ है. गिरफ्तार आरोपी में विश्वनाथ दास, पत्नी बिन्दु देवी, पुत्र अभिषेक कुमार, पुत्री छोटी कुमारी उर्फ प्रिया और चांदनी देवी का नाम शामिल है. सभी आरोपी डगरुआ थाना क्षेत्र के कचना रहिका का रहने वाला है. पूछताछ में विश्वनाथ दास ने गोली मारने की बात स्वीकार की. उसके निशानदेही पर घर में रखे टंकी के नीचे से एक देशी कट्टा, एक खोखा और एक गोली बरामद किया गया.
पुलिस के अनुसार 24 अगस्त को सूचना मिली कि गोबर पाथने के विवाद में गोलीबारी हुई है. एसएसपी के निर्देश पर बायसी एसडीपीओ के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई. टीम ने घायल को इलाज के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेजा और आरोपियों को गिरफ्तार किया. इस संदर्भ में डगरुआ थाना (कांड संख्या-331/26) में मामला दर्ज किया गया है.
