Patna: बिहार की महिलाओं को शिक्षा, रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर देने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी गुरुवार को घोषणा की कि राज्य में महिला विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा. इस विश्वविद्यालय में कुलपति से लेकर प्रोफेसर, कर्मचारी और छात्राएं सभी महिलाएं होंगी. मुख्यमंत्री ने सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र के बापू सभागार में ग्रामीण विकास विभाग द्वारा आयोजित ‘विकसित भारत-समृद्ध बिहार’ एवं ‘बहनों का सम्मान, सरकार की पहचान’ कार्यक्रम में यह घोषणा की. रक्षाबंधन से पूर्व आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने ‘समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार अभियान’ का शुभारंभ भी किया.
5 लाख महिलाओं के खाते में 600 करोड़ ट्रांसफर
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 5 लाख महिला लाभुकों के बैंक खातों में DBT के माध्यम से 600 करोड़ रुपये अंतरित किए. वहीं जीविका निधि से 10 हजार लाभुकों को ऋण भी वितरित किया गया. उन्होंने ‘विकसित भारत-ग्राम हाट योजना’ के तहत 112 ग्रामीण हाट के निर्माण कार्य का शुभारंभ भी किया.
10 लाख घरों पर लगेंगे सोलर पैनल
मुख्यमंत्री ने कहा कि 31 मार्च 2027 तक 10 लाख जीविका दीदियों के घरों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे. इससे ऊर्जा आत्मनिर्भरता के साथ-साथ महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण होगा. सरकार का लक्ष्य 1 करोड़ बहनों को रोजगार और 1 करोड़ को लखपति दीदी बनाना है. इसके लिए पशुपालन, विनिर्माण और सेवा क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाई जाएगी.
अन्य महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि BPSC नर्स बहाली में 7,376 बहनों का चयन राज्य सरकार की बड़ी उपलब्धि है. उन्होंने कहा कि 125 यूनिट बिजली मुफ्त देने से राज्य के उपभोक्ताओं को करीब 23 हजार करोड़ की सब्सिडी मिल रही है. उच्च शिक्षा में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए 1,000 महिलाओं को पीएचडी के लिए प्रतिमाह 10 हजार रुपये की सहायता दी जाएगी. महिला सुरक्षा के लिए स्कूल, कॉलेज और जीविका समूहों के पास ‘पुलिस दीदी’ तैनात की गई हैं. बिहार में अभी करीब 40 हजार महिला पुलिसकर्मी कार्यरत हैं. नवंबर तक 1 करोड़ महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें एनीमिया मुक्त बनाने का लक्ष्य भी रखा गया है.
नीतीश के योगदान की सराहना
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीविका को मजबूत बनाने में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का बड़ा योगदान है. आज बिहार में 50 लाख जीविका दीदियां लखपति बन चुकी हैं. वर्ष 2030 तक महिलाओं पर 20 हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री विजेंद्र प्रसाद यादव, मंत्री श्रवण कुमार और मंत्री मदन सहनी ने भी संबोधित किया.
