Patna: पूर्णिया के मधुबनी थाना क्षेत्र में शिवधाम, वार्ड नं. 03 में जमीन की खरीद-बिक्री को लेकर हुए विवाद में फायरिंग का मामला सामने आया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिता-पुत्र समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में सुशांत कुमार श्रीवास्तव, सुभाष श्रीवास्तव और उसका पुत्र आयुष श्रीवास्तव का नाम शामिल है. आरोपी मधुबनी थाना क्षेत्र के बरमसिया चूनापुर रोड का रहने वाला है.
मिली जानकारी के अनुसार 31 जुलाई को शाम करीब 7:30 बजे दो पक्षों के बीच मारपीट के दौरान हवाई फायरिंग की गई. सूचना पर एसएसपी के निर्देश पर मधुबनी थाना पुलिस और गश्ती दल मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटना में संलिप्त सुशांत कुमार श्रीवास्तव, सुभाष श्रीवास्तव और आयुष श्रीवास्तव को गिरफ्तार किया. सभी एक ही परिवार के हैं. घटनास्थल से एफएसएल टीम ने 3 खोखा और 1 जिंदा कारतूस बरामद किया. पुलिस के अनुसार मारपीट में दोनों पक्षों के कुछ लोग जख्मी हुए हैं. हवाई फायरिंग से कोई घायल नहीं हुआ. स्थानीय लोगों के इकट्ठा होने पर दूसरा पक्ष फायरिंग कर भाग गया. पुलिस ने 4 मोबाइल भी जब्त किए हैं. एसएसपी ने घटना में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना अध्यक्ष को निर्देश दिए हैं. मामले की आगे जांच जारी है.
