Patna: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना मेट्रो निर्माण के दौरान नेहरू पथ यानी बेली रोड पर सुगम और निर्बाध यातायात सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के कारण आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए. शनिवार को लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प’ सभागार में पथ निर्माण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि नेहरू पथ पर यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए 11 स्ट्रेच चिन्हित किए गए हैं. इन जगहों पर आवश्यकता अनुसार सड़क का चौड़ीकरण, जंक्शन सुधार और बॉटलनेक हटाने का काम किया जाएगा.
बैठक में पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल और पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के MD संदीप कुमार आर० पुडुकलकट्टी ने बताया कि चिन्हित स्ट्रेच का स्थल निरीक्षण कर वास्तविक जरूरत के हिसाब से सुधार कार्य किए जाएंगे. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को वैकल्पिक मार्ग की पहचान कर समय रहते समुचित व्यवस्था करने को कहा. साथ ही सड़क किनारे की गतिविधियों को व्यवस्थित कर उपयुक्त वेंडिंग जोन बनाने का भी निर्देश दिया. उन्होंने पथ निर्माण विभाग, पटना मेट्रो, जिला प्रशासन और यातायात पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाकर ट्रैफिक मैनेजमेंट और सड़क चौड़ीकरण पर तेजी से काम करने को कहा. मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी में विकास के साथ नागरिकों की सुविधा प्राथमिकता है. पटना मेट्रो राजधानी की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाएगी. बैठक में प्रधान सचिव दीपक कुमार, जिलाधिकारी कुंदन कुमार, नगर आयुक्त यशपाल मीणा और SSP कार्तिकेय के० शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.
