Patna: मधुबनी जिले के बाबूबरही थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक बलिराजगढ़ में पुलिस फायरिंग से एक व्यक्ति की मौत और तीन लोगों के घायल होने के बाद हालात तनावपूर्ण हो गए हैं. घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने खोजपुर नहर चौक पर शव रखकर बाबूबरही-खुटौना मुख्य सड़क को करीब पांच से छह घंटे तक जाम रखा. आक्रोशित लोगों को समझाने पहुंचे जिलाधिकारी आनंद शर्मा और एसएसपी योगेंद्र कुमार को भी लोगों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा. इस दौरान कुछ महिलाओं ने डीएम का कॉलर पकड़ लिया और उनके साथ बदसलूकी की. घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें महिलाएं डीएम से तीखी बहस करती नजर आ रही हैं.

डीएम और महिलाओं के बीच तीखी नोकझोंक, सुरक्षाकर्मियों ने संभाला मोर्चा

सड़क जाम हटाने और लोगों को समझाने पहुंचे डीएम आनंद शर्मा को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा. इसी दौरान कुछ महिलाएं उनसे उलझ गईं और उनका कॉलर पकड़ लिया. अचानक हुए इस घटनाक्रम से मौके पर अफरातफरी मच गई. सुरक्षाकर्मियों ने बीच-बचाव कर डीएम को सुरक्षित बाहर निकाला और स्थिति को संभाला. पुलिस फायरिंग के विरोध में ग्रामीणों का गुस्सा प्रशासनिक अधिकारियों के सामने भी खुलकर दिखाई दिया.

कथित अवैध संबंध के मामले में घर में घुसे थे जवान, फायरिंग में गई जान

जानकारी के अनुसार, बलिराजगढ़ में खुदाई कार्य की सुरक्षा के लिए छह जवानों की तैनाती की गई थी. आरोप है कि सोमवार की रात करीब 10:30 बजे कथित अवैध संबंध से जुड़े मामले में एएसआई एक घर में घुसा था. घर में बच्ची की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण जुटने लगे. इसी दौरान आरोपी एएसआई चंद्र मोहन सिंह द्वारा घर की खुली खिड़की से गोली चलाने की बात सामने आई है. गोलीबारी में अशोक यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए. हालांकि, घटना की वास्तविक वजह और फायरिंग की परिस्थितियों की जांच की जा रही है.

बेटी की शादी की तैयारी के लिए बेंगलुरु से आए थे अशोक

मृतक की पहचान अशोक यादव (पिता स्व. रामस्वरूप यादव) के रूप में हुई है. बताया जाता है कि वह करीब एक महीने पहले बेंगलुरु से अपनी बेटी की शादी की तैयारी के लिए गांव आए थे. उनके परिवार में पांच बच्चे हैं. गोलीबारी में घायल विजन यादव, धनिकलाल यादव और एक महिला का इलाज चल रहा है. महिला की हालत गंभीर बताई गई है.

फरार ASI निलंबित, गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित

घटना के बाद आरोपी एएसआई चंद्र मोहन सिंह फरार है. पुलिस ने उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. एसएसपी योगेंद्र कुमार के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमें गठित की गई हैं. उसकी सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा भी की गई है. आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है. एसपी ने कहा है कि उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उसे जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है.

गांव में तनाव, बलिराजगढ़ पुलिस छावनी में तब्दील

घटना के बाद बलिराजगढ़ और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल है. पूरे गढ़ परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. ग्रामीणों की मांग है कि गोली चलाने वाले आरोपी एएसआई को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए. घटनास्थल पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के पहुंचने का सिलसिला भी जारी रहा. प्रशासन स्थिति सामान्य करने और लोगों को समझाने में जुटा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed