Patna: खगड़िया पुलिस ने स्टेशन रोड स्थित न्यू दयाल रेस्ट हाउस में छापेमारी कर अनैतिक देह व्यापार के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है. सदर डीएसपी के नेतृत्व में हुई रेड में होटल संचालक विकास सिंह, मालिक सुनील कुमार और किरण पंडित समेत 9 पुरुष व 7 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया. होटल बिना वैध कागजात के चल रहा था. गिरफ्तार आरोपी में खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र के सिसवा के रहने वाले बबलु कुमार, मुफस्सिल थाना क्षेत्र के राकोडीह निवासी होटल संचालक किरण पंडित, मानसी थाना क्षेत्र के राजाजान के रहने वाले रोहित कुमार, चित्रगुप्तनगर थाना क्षेत्र के सन्हौली के रहने वाले रोहित कुमार, गौशाला रोड के रहने वाले विकास कुमार सिंह, मुंगेर जिले के कासिमपुर थाना क्षेत्र के सादीपुर के रहने वाले सन्नी कुमार, बेगुसराय जिले के साहेबपुर कमाल थाना क्षेत्र के विष्णुपुर आहो निवासी संजीत सिंह और सात महिला शामिल है. मौके पर से दो आगंतुक पंजी और चार कंडोम पुलिस ने बरामद किया है.
होटल मालिक से मैनेजर तक धराए
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि स्टेशन रोड स्थित न्यू दयाल रेस्ट हाउस में होटल की आड़ में अलग-अलग गांव की लड़कियों/महिलाओं से अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा है. एसपी के निर्देश पर सदर डीएसपी के नेतृत्व में टीम गठित कर छापेमारी की गई. छापेमारी में होटल मालिक सुनील कुमार, होटल संचालक विकास सिंह और किरण पंडित समेत 9 पुरुषों को बिना वैध कागजात के होटल ठहराने के आरोप में गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार होटल में कोई वैध कागजात नहीं मिला है. रेस्टोरेंट की आड़ में जिस्मफरोशी का धंधा चल रहा था. नेटवर्क की जांच जारी है. इस संबंध में खगड़िया थाना (कांड सं०-118/26) में मामला दर्ज किया गया है.
