Ranchi: चतरा पुलिस ने नशे के कारोबार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को 5 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. उसके पास से एक मोबाइल भी जब्त किया गया है. गिरफ्तार आरोपी राजु कुशवाहा ईटखोरी थाना क्षेत्र के पितीज का रहने वाला है.
मिली जानकारी के अनुसार चतरा एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि पुरकुण्डा जंगल, दरीयामा मोड़ स्थित पुल के समीप कुछ लोग अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं. सूचना पर मुख्यालय डीएसपी के नेतृत्व में छापामारी टीम गठित की गई. गठित टीम ने मौके पर छापेमारी कर राजु कुशवाहा को पकड़ा. तलाशी में उसके पास 5 ग्राम ब्राउन शुगर और मोबाइल बरामद हुआ. पूछताछ में आरोपी ने नशे की बिक्री में शामिल अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं. पुलिस उनके बारे में भी जानकारी जुटा रही है. इस संबंध में ईटखोरी थाना (कांड संख्या 95/26) में मामला दर्ज किया गया है. गौरतलब है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. इसके खिलाफ ईटखोरी थाना में पहले से 2 मामले दर्ज हैं.
