Ranchi: कुख्यात अपराधी राहुल दुबे के इशारे पर टंडवा-पिपरवार कोयला क्षेत्र में लेवी वसूली के लिए फायरिंग कर दहशत फैलाने की साजिश को चतरा पुलिस ने नाकाम कर दिया है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल दुबे गैंग के 3 सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी में बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र के लटकुटा बस्ती के रहने वाले संजय मूर्ति, बोकारो स्टील सिटी थाना क्षेत्र के रहने वाले आलोक कुमार सिंह औऱ हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र के रहने वाले अजय करमाली का नाम शामिल है. आरोपी के पास से एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा, 6 गोली, 3 मोबाइल और एक बाईक (JH08H-3055) बरामद की गई.

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार चतरा एसपी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे के गैंग के सदस्य कोल साईडिंग और माइन्स की रेकी कर रहे हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना पर टंडवा एसडीपीओ के नेतृत्व में छापामारी टीम का गठन किया गया. छापामारी में पुलिस ने 3 अपराधियों को गिरफ्तार किया. इनके पास से हथियार, गोली समेत अन्य सामान बरामद किया गया. गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि राहुल दुबे के इशारे पर ये लोग रामगढ़ के बरकाकाना, कुज्जू, हजारीबाग केरेडारी, चरही, चतरा के आम्रपाली, पिपरवार के अशोका माइन्स, राजधर साईडिंग और रांची के खेलारी में रेकी कर फायरिंग और आगजनी की योजना बना रहे थे. इसी योजना के तहत ये आम्रपाली और राजधर साईडिंग में फायरिंग के लिए पिपरवार थाना क्षेत्र में इकट्ठा हुए थे. इस संबंध में पिपरवार थाना (कांड संख्या 30/26) में मामला दर्ज किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed