Patna: पाटलिपुत्र ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप की प्रारूप विकास योजना-2047 को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को उच्चस्तरीय अंतर-विभागीय परामर्श बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता विकास आयुक्त बिहार मिहिर कुमार सिंह ने की. नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा आयोजित इस बैठक में बिहार शहरी आयोजना एवं विकास बोर्ड के सभी सदस्यों और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया. बैठक का उद्देश्य टाउनशिप योजना के विभिन्न पहलुओं पर सभी विभागों के सुझाव लेना था. विकास आयुक्त ने कहा कि शहरीकरण की प्रक्रिया में ग्रामीण क्षेत्र तेजी से शहरी स्वरूप ले रहे हैं, लेकिन कई जगह आवश्यक सुविधाओं और आधारभूत संरचना का विकास नहीं हो पा रहा. ऐसे में ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप केवल नए आवासीय क्षेत्र तक सीमित न रहकर सुनियोजित और सुविधायुक्त शहरी विकास का मॉडल प्रस्तुत कर सकती है. उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रस्तावित टाउनशिप को केवल आवासीय परियोजना न माना जाए. इसमें निवास, रोजगार, वाणिज्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, हरित क्षेत्र और नागरिक सुविधाओं के बीच बेहतर समन्वय हो ताकि लोगों को बुनियादी सेवाओं के लिए दूर न जाना पड़े.
योजना की मुख्य बातें
बैठक में नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने योजना की विस्तृत प्रस्तुति दी. इसमें राष्ट्रीय-राज्य स्तरीय नियोजन, क्षेत्रीय ढांचा, विज़न, स्पेशियल विकास रणनीति और प्रस्तावित भूमि उपयोग पर चर्चा हुई. साथ ही सामाजिक आधारभूत संरचना, ट्रांजिट-उन्मुख विकास, आर्थिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, ब्लू-ग्रीन इंफ्रा, स्मार्ट सिटी सिस्टम और चरणबद्ध कार्यान्वयन पर भी मंथन किया गया. बैठक में योजना एवं विकास विभाग की अपर मुख्य सचिव डॉ. एन. विजयलक्ष्मी, ग्रामीण विकास के प्रधान सचिव पंकज कुमार, कृषि के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे.
