Patna: गया पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी कस्टमर केयर सेंटर चलाकर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के 9 सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने 15 मोबाइल, 6 लैपटॉप, 22 ATM कार्ड और 9500 रुपये नगद भी बरामद किए हैं. गिरफ्तार आरोपी नवेद अनवर, अफजल हुसैन, ओसामा परवेज, सदाशिव भान, मो. इंजमाम आलम, मो. सलमान, अदनान अहमद, जीमल हुसैन और मो. शाहिद का नाम शामिल है. सभी आरोपी बंगाल के कोलकाता के रहने वाले हैं. पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे Amazon, Flipkart आदि के फर्जी कस्टमर केयर बनकर काम करते थे. AnyDesk, UltraViewer, Port SIP Client जैसे रिमोट एक्सेस एप से लोगों के मोबाइल/कंप्यूटर का एक्सेस लेते थे. फिर TextPlus एप से फर्जी ID बनाकर ग्राहकों को सहायता का झांसा देते और लिंक-OTP के जरिए बैंक खाते की जानकारी निकालकर ठगी करते थे.
पुलिस पहुंची तो कॉल पर व्यस्त थे आरोपी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सूचना मिली कि व्हाइट हाउस कम्पाउंड, रोड नं-06 स्थित मोतीमणी अपार्टमेंट के चौथे फ्लोर पर कुछ बाहरी लोग किराए पर रहकर संगठित गिरोह बनाकर साइबर ठगी कर रहे हैं. सूचना पर एसएसपी के निर्देश पर सिटी डीएसपी-02 और साइबर थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. गठित टीम ने फ्लैट नं 04(C) में छापेमारी की तो 9 लोग लैपटॉप और मोबाइल से कॉल पर व्यस्त मिले. पुलिस को देखकर वे उपकरण बंद करने लगे. सभी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया. मौके पर से 6 लैपटॉप, 15 मोबाइल फोन, 22 विभिन्न बैंकों के क्रेडिट/डेबिट कार्ड, 4 लैपटॉप चार्जर, 5 माउस, 1 वाईफाई मशीन, 500 GB हार्ड डिस्क और 9500 रुपये नगद पुलिस ने बरामद किया है. इस संबंध में रामपुर थाना (कांड संख्या 472/26) में मामला दर्ज किया गया है. अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
