Patna: भोजपुर जिले के आरा स्थित नवादा थाना क्षेत्र के मौलाबाग में पुरानी रंजिश को लेकर हुई गोलीबारी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो विधि-विरुद्ध बालकों को निरुद्ध किया है. पुलिस ने इनके पास से घटना में इस्तेमाल पिस्टल और बाइक भी बरामद की है. गोलीबारी में अमरजीत कुमार नामक युवक जख्मी हो गया, जिसका आरा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है.
पुलिस के अनुसार 20-21 अक्टूबर की मध्यरात्रि हुई गोलीबारी की सूचना मिलते ही नवादा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की. जख्मी युवक को तत्काल आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को भी सूचित किया गया.
आदर्श कुमार हत्याकांड से जुड़ रही रंजिश
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में गोलीबारी की घटना का कारण पूर्व में हुए आदर्श कुमार हत्याकांड से जुड़ी आपसी रंजिश सामने आई है. इस मामले में नवादा थाना (कांड संख्या 174/26) में 1 मार्च 2026 को प्राथमिकी दर्ज की गई थी. जिसमें छह नामजद आरोपी हैं. अमरजीत कुमार भी इस हत्याकांड में नामजद आरोपी था और फिलहाल जमानत पर बाहर है.
आरोप है कि आदर्श कुमार, जो अमरजीत का मौसेरा भाई था, की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले में अमरजीत कुमार और उसके भाई की संलिप्तता का आरोप लगाया गया था. पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, इसी पुराने विवाद और रंजिश के कारण मौलाबाग में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया.
