Patna: सिवान जिले के बड़हरिया थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में राजा हरिश्चंद्र नाटक के मंचन के दौरान पंडाल में आग लगने से कई बच्चे घायल हो गए. घटना बीते रात की है. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गए. घायल बच्चों को पहले सिवान सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया. वहीं, उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए विशेष मेडिकल टीम की देखरेख में पटना भेजा गया है.
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ, सदर-1 और बड़हरिया थानाध्यक्ष घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. घटना की गंभीरता को देखते हुए सिवान एसपी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने संबंधित पुलिस पदाधिकारियों को हादसे के कारणों की गहनता से जांच करने और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. हादसे की वैज्ञानिक जांच के लिए घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया गया है. टीम के माध्यम से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके.
विशेष पुलिस टीम गठित, सभी पहलुओं की जांच
एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ सदर-1 के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई है. टीम घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी. सिवान पुलिस के अनुसार, घायल बच्चों के बेहतर इलाज और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.
