Patna: औरंगाबाद पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में कई कांडों में वांछित कुख्यात नक्सली को गिरफ्तार किया गया है. गिरफ्तार नक्सली पुकार भुईयां उर्फ पुकार मांझी गयाजी जिले के आमस थाना क्षेत्र के शिव टहल बिगहा का रहने वाला है. नक्सली के निशानदेही पर एक देशी कार्बाइन, 2 देशी कट्टा और 1 गोली बरामद किया गया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मदनपुर थानाध्यक्ष को सूचना मिली कि नक्सली कांड के अप्राथमिकी आरोपी पुकार भुईयां ग्राम-अंजनवा स्थित नहर मार्ग से होते हुए पैदल कही जा रहा हैं. सूचना पर औरंगाबाद पुलिस एवं एसटीएफ टीम संयुक्त रूप से अंजनवा गांव स्थित नहर के पास पहुंची तो आरोपी पुलिस वाहन को देखकर भागने लगा. पुलिस बल घेराबंदी करते हुए नक्सली को पकड़ा गया. पूछताछ के क्रम में गिरफ्तार नक्सली ने अपना अपराध स्वीकार किया. इस संदर्भ में मदनपुर थाना (कांड संख्या-327/25) में प्राथमिकी दर्ज की गई.
बता दे कि गिरफ्तार नक्सली के 7 जनवरी 2025 को मदनपुर थाना क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य में लगे जेसीबी को अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर जला दिया गया था. इस संदर्भ में मदनपुर थाना (कांड संख्या-07/25) में मामला दर्ज किया गया था.
29 जनवरी की रात मदनपुर थाना क्षेत्र में गिधवा नाला के समीप निर्माणाधीन कार्य में लगे पॉकलेन मशीन को जलाकर क्षतिग्रस्त कर दिया गया था. इस संदर्भ में मदनपुर थाना (कांड संख्या-43/25) में मामला दर्ज किया गया था. 15 मई को मदनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम-अंजनमा के पास पईन (डुमरिया आहर पईन) साइट इनचार्ज से लेवी की मांग की गई थी. इस संदर्भ में मदनपुर थाना (कांड संख्या-199/25) में मामला दर्ज किया गया था. मई-2025 में मदनपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ी क्षेत्रों में एसटीएफ एवं औरंगाबाद पुलिस के संयुक्त सर्च अभियान के क्रम में उक्त नक्सली के द्वारा पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग किया गया था. इस संदर्भ में मदनपुर थाना (कांड संख्या-202/25) में मामला दर्ज किया गया था. आरोपी के विरुद्ध मदनपुर और गुरूआ थाना में सात मामला दर्ज है.
लंगुराही पहाड़ी से AK-47 का 139 गोली बरामद
औरंगाबाद पुलिस ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत AK-47 का 139 गोली बरामद कर नक्सली मनसूबे को नाकाम कर दिया है. औरंगाबाद पुलिस एवं सीआरपीएफ संयुक्त रूप से लंगुराही पहाड़ी क्षेत्रों के आस-पास कुछ प्वांईट को चिन्हित कर सर्च अभियान चलाया. इसी क्रम में मदनपुर थाना क्षेत्र के लंगुराही पहाड़ी पर एचएचएमडी के द्वारा तेज बीप की आवाज आने पर आप-पास के सुरंगों की जाँच की गई, जिसमें एक सुरंग में AK-47 का 139 गोली बरामद किया गया.
इस संदर्भ में मदनपुर थाना (कांड संख्या-328/25) में मामला दर्ज किया गया है.
