Ranchi: जमशेदपुर जिले के बागबेड़ा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात अपराधी को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है. पुलिस की इस तत्परता से शहर में एक बड़ी आपराधिक वारदात होने से टल गई. गिरफ्तार अपराधी अनुप बंगाली मूल रूप से बंगाल के पुरुलिया का रहने वाला है और वर्तमान में बागबेड़ा के आनंद नगर में रह रहा था.
पुलिस के अनुसार एसएसपी को देर रात सूचना मिली थी कि बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित वायरलेस मैदान के पास अनुप चक्रवर्ती उर्फ अनुप बंगाली किसी अपराध को अंजाम देने की नीयत से हथियार लेकर घूम रहा है. सूचना पर डीएसपी विधि व्यवस्था के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. पुलिस टीम ने वायरलेस मैदान के पास पहुंचकर इलाके की घेराबंदी की और आरोपी अनुप चक्रवर्ती को मौके पर ही दबोच लिया. तलाशी लेने पर उसके पास से एक लोहे का देशी लोडेड कट्टा और एक गोली बरामद किया गया.
आरोपी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है. अनुप बंगाली पर जमशेदपुर, चांडिल, चाकुलिया, गम्हरिया, पुरुलिया सहित आरपीएफ और जीआरपी थानों में हत्या के प्रयास, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और आरपीयूपी एक्ट से जुड़े कुल 17 मामले दर्ज हैं.
