Patna: बेगूसराय जिले के बछवाड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम चमथा रैली में आज दिन में पड़ोसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया. कहासुनी के बाद प्रमोदी राय, रवि राय व अन्य ने गोलीबारी कर दी. फायरिंग में अजीत राय की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका भाई दीपक राय घायल हो गया. बेगूसराय एसीप ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच के निर्देश दिए. एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए. 2 लोग हिरासत में लिया गया है. तेघड़ा एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी जारी है. परिजन और स्थानीय लोगों के अनुसार पड़ोसी से आपसी विवाद और कहासुनी के दौरान पड़ोसी प्रमोदी राय, रवि राय एवं अन्य ने गोलीबारी की. इसी रंजिश में घटना को अंजाम दिया गया. घटना की जानकारी मिलते ही बेगूसराय एसपी घटनास्थल पर पहुंचे. पीड़ित परिजनों से जानकारी ली और तेघड़ा एसडीपीओ एवं बछवाड़ा थानाध्यक्ष को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
दिन में हुई थी वारदात
सोमवार को बछवाड़ा थाना को सूचना मिली कि ग्राम चमथा रैली में गोलीबारी हुई है. सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को बुलाया. जांच में एक व्यक्ति की मृत्यु और एक के घायल होने की पुष्टि हुई. मृतक के परिजनों ने बताया कि मृतक का नाम अजीत राय है. घायल दीपक राय मृतक का भाई है. दीपक को इलाज के लिए बेगुसराय सदर अस्पताल भेजा गया है. मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. बछवाड़ा थाना पुलिस ने पूछताछ के लिए 02 व्यक्तियों को हिरासत में लिया है. तेघड़ा एसडीपीओ के नेतृत्व में पुलिस टीम संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए सघन छापामारी कर रही है.
