Ranchi: आगामी दुर्गा पूजा पर्व को देखते हुए हजारीबाग पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ जिलेभर में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया. 10 अक्टूबर को हाजारीबाग एसपी अमन कुमार के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में 68 ठिकानों पर छापेमारी की गई. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 375 लीटर देसी शराब बरामद की तथा 303.2 क्विंटल जावा महुआ नष्ट किया.
28 टीमों ने एक साथ संभाला मोर्चा
पुलिस के अनुसार, जिले के सभी थाना क्षेत्रों में कार्रवाई के लिए कुल 28 छापेमारी टीमों का गठन किया गया था. इन टीमों में 198 पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी शामिल थे. डीएसपी, पुलिस निरीक्षकों और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाया गया,
अवैध शराब के निर्माण स्थलों पर कार्रवाई
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण और कारोबार से जुड़े संदिग्ध ठिकानों को निशाने पर लिया. अभियान में कुल 375 लीटर देसी शराब बरामद की गई, जबकि शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला 303.2 क्विंटल जावा महुआ नष्ट किया गया. पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहार के दौरान अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाना है.
अवैध कारोबार की सूचना देने की अपील
हजारीबाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि उनके इलाके में कहीं भी अवैध शराब का निर्माण या खरीद-बिक्री होने की जानकारी मिले, तो तत्काल नजदीकी थाना को सूचित करें. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि प्राप्त सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
