Ranchi: जेजेएमपी संगठन को पुनः सक्रिय करने की साजिश पर गुमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. डुमरी थाना क्षेत्र के औरापाट जंगल में घेराबंदी कर पुलिस ने 5 लाख का इनामी जेजेएमपी सब जोनल मेंबर रामदेव लोहरा* समेत 4 उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है. इनके पास से AK-56 राइफल, SLR राइफल, सेमी-ऑटोमैटिक राइफल, पिस्टल, देसी कट्टा, 146 गोली, वॉकी-टॉकी, 9 मोबाइल, 2 Wi-Fi डोंगल, जेजेएमपी पर्चे और बाइक हुए हैं. गिरफ्तार उग्रवादी में लातेहार थाना क्षेत्र के बिंगाडा के रहने वाले इनामी सब जोनल कमांडर रामदेव लोहरा के अलावे लातेहार थाना क्षेत्र के कोने निवासी एरिया कमांडर अरविन्द नायक, जोबंग थाना क्षेत्र किता मक्का निवासी मुनेश्वर सिंह और गुमला जिले के डुमरी थाना क्षेत्र के उजरा निवासी जितेंद्र लोहरा का नाम शामिल है. पूछताछ के आधार पर जेजेएमपी संगठन के अन्य सदस्यों, सहयोगियों एवं संगठन के पुनर्गठन से संबंधित गतिविधियों की जानकारी जुटाई जा रही है.
औरापाट के जंगल से पकड़ा गया उग्रवादी
गुमला एसपी ने जानकारी देते हुए बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी का सब जोनल मेंबर रामदेव लोहरा अपने दस्ता सदस्यों के साथ डुमरी थाना क्षेत्र में संगठन को पुनः सक्रिय एवं विस्तारित करने तथा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से भ्रमणशील है. सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए चैनपुर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया. अभियान के दौरान पुलिस टीम ने डुमरी थाना क्षेत्र अंतर्गत औरापाट के जंगल में घेराबंदी की. इस दौरान सब जोनल मेंबर, एरिया कमांडर और दस्ता सदस्य गिरफ्तार किए गए. उग्रवादी के पास से AK-56 राइफल, SLR, सेमी-ऑटोमैटिक राइफल, पिस्टल, देसी कट्टा के साथ 146 गोली, वॉकी-टॉकी, 9 मोबाइल, Wi-Fi डोंगल, JJMP के प्रतिबंधित पर्चे और बाइक बरामद की गई. रामदेव लोहरा पर झारखंड सरकार की ओर से 5 लाख का इनाम घोषित था. इसका पूर्व में पीपुल्स वार संगठन एवं भाकपा(माओ) में भी आपराधिक इतिहास रहा है.
