Ranchi: डीजीपी के निर्देशानुसार पुलिस मुख्यालय स्तरीय अनुकंपा समिति की बैठक में शहीद/दिवंगत पुलिसकर्मियों के 153 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नौकरी दी गई है. इनमें बाल आरक्षी के 62, महिला आरक्षी के 24, आरक्षी के 66 और अग्निक चालक के 1 पद पर नियुक्ति दी गई. समिति के समक्ष कुल 160 मामले रखे गए थे. इसमें से 153 मामलों में अनुकंपा नियुक्ति को मंजूरी दी गई. 4 मामले विभिन्न कारणों से लंबित रखे गए, 3 मामले नियमानुसार अस्वीकृत किए गए. पुलिस मुख्यालय ने कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य दिवंगत पुलिसकर्मियों के आश्रितों को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराना है. वह अपने कर्मियों एवं उनके आश्रितों के कल्याण के प्रति सदैव संवेदनशील है और ऐसी प्रक्रियाओं का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है.
कब हुई बैठक
12 मई को पुलिस मुख्यालय में एडीजी मुख्यालय की अध्यक्षता में ये बैठक हुई. बैठक में डीआईजी जैप, विशेष शाखा, सीआईडी एवं एसपी, गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवा भी सदस्य के रूप में मौजूद थे. बता दे कि इससे पहले 9 अक्टूबर 2025 को हुई बैठक में कुल 85 मामलों पर विचार कर 84 आश्रितों को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति दी गई थी.
