Ranchi: जिले में नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो युवकों को मैना बगीचा चटपटी चौक के पास से ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है. दोनों के पास से पॉलीथीन सहित कुल 18.35 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया है. गिरफ्तार आरोपी में आर्यन भगत उर्फ आर्यनदेव भगत और उतम उरांव का नाम शामिल है.
पुलिस के अनुसार रात करीब 8:30 बजे सूचना मिली थी कि मैना बगीचा चटपटी चौक के पास दो युवक ब्राउन शुगर की बिक्री और सेवन के लिए जमा हुए हैं. सूचना के बाद वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर छापामारी टीम गठित की गई. टीम में अंचलाधिकारी को भी शामिल किया गया. पुलिस टीम चटपटी चौक के समीप पहुंची. यहां बंद पड़ी एक दुकान के पास दो युवक संदिग्ध अवस्था में मिले. पुलिस ने सशस्त्र बल के सहयोग से दोनों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया. तलाशी के दौरान आर्यन भगत के पास से पॉलीथीन सहित 10.24 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया. वहीं उतम उरांव के पास से पॉलीथीन सहित 8.11 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुआ. इस संबंध में लोहरदगा थाना (कांड संख्या-131/26) में मालमा दर्ज किया गया है.
