Patna: कैमूर (भभुआ) पुलिस ने पशु तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए 37 मवेशियों को क्रूरता से मुक्त कराया है. इस कार्रवाई में पुलिस ने मवेशी ले जा रहे एक विशाल कंटेनर को जब्त कर झारखंड के रहने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आऱोपी में झारखंड के धनबाद जिले क भूली थाना क्षेत्र के अंसार नगर के रहने वाले चालक वसिम खान, हजारीबाग जिले के सह चालक मो0 सहबाज और मो0 सलीम का नाम शामिल है.
कैमूर एसपी को सूचना मिली थी कि सासाराम से यूपी की ओर एक कंटेनर (रजि0 नं0 BR24GC5297) में अवैध और क्रूर तरीके से पशुओं को लादकर ले जाया जा रहा है. मामला संज्ञान में आते ही एसपी कैमूर के निर्देश पर थानाध्यक्ष दुर्गावती के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए NH-19 पर गहन वाहन चेकिंग शुरू कर दी. चेकिंग के दौरान संदिग्ध कंटेनर को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके भीतर का नजारा देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. कंटेनर के भीतर 37 मवेशियों को बेहद अमानवीय और क्रूर तरीके से बांधकर ठूंसा गया था. पुलिस ने तुरंत सभी 37 मवेशियों और कंटेनर को अपने कब्जे में ले लिया. मामले में गिरफ्तार तीनों आरोपी झारखंड राज्य के निवासी हैं. इस संबंध में दुर्गावती थाना (कांड संख्या- 410/26) में मामला दर्ज किया गया है.
