Patna: हरलोचनपुर थाना क्षेत्र के तेजपुरवा स्थित बाईस माइल चौक पर मिले अज्ञात शव के सनसनीखेज मामले का वैशाली पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है. पुलिस ने हत्या में शामिल तीन शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी में हरलोचनपुर थाना क्षेत्र के चक फैज के रहने वाले विन्देशवर राय, संदीप कुमार और मुजफ्फरपुर जिले के मझौली धरमदास के रहने वाले रामप्रवेश राय उर्फ रामप्रताप कुमार का नाम शामिल है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ई-रिक्शा भी बरामद कर लिया है. पुलिस जांच के अनुसार, यह मामला प्रेम-प्रसंग और अवैध संबंध से जुड़ा हुआ था. संजय कुमार की हत्या उसके ही एक दोस्त और सहयोगियों ने मिलकर की.
सोशल मीडिया से हुई शव की पहचान
मिली जानकारी के अनुसार 19 सितंबर को पुलिस को बाईस माइल चौक पर एक अज्ञात पुरुष का शव मिलने की सूचना मिली थी. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पहचान के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया. मृतक की पहचान समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय निवासी 48 वर्षीय संजय कुमार के रूप में हुई है. परिजनों द्वारा पहचान किए जाने के बाद हरलोचनपुर थाने में हत्या का मामला (कांड सं. 0-39/26) दर्ज कराया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने मानवीय और तकनीकी अनुसंधान के जरिए तीनों आरोपियों को दबोच लिया. कड़ाई से पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने मृतक को विषाक्त भोजन (जहर) देकर मारा था और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को बाईस माइल चौक पर फेंककर भाग गए थे.
