Patna: बखरी थाना क्षेत्र के करईटांड़ गांव में विश्वकर्मा पूजा के दौरान बुधवार रात अचानक फायरिंग से अफरा-तफरी मच गई. घर के सामने ट्रैक्टर की पूजा कर रहे 50 वर्षीय अमोल महतो को गोली मार दी गई. गोली उनके दाहिने जांघ में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल, बेगूसराय में भर्ती कराया है.
पुलिस के अनुसार, घटना 17 सितंबर की रात की है. सूचना मिलते ही बखरी थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम को सूचना दी. पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल अमोल महतो का फर्दबयान भी दर्ज किया. घटना की सूचना मिलने पर एसडीपीओ समेत पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल और अस्पताल पहुंचकर मामले की जानकारी ली. पुलिस ने आरोपी की बाईक को जब्त कर लिया है. आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बखरी थाना की पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है.
प्रसाद लेने के दौरान अचानक फायरिंग
फर्दबयान के अनुसार, अमोल महतो अपने घर के सामने विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर ट्रैक्टर की पूजा कर रहे थे. इसी दौरान नावकोठी थाना क्षेत्र के पहसारा निवासी सुशील कुमार बाईक से वहां पहुंचा और प्रसाद मांगने लगा. बताया गया कि पूजा संपन्न होने के बाद जब सुशील को प्रसाद लेने के लिए कहा गया, तभी उसने कथित तौर पर अचानक फायरिंग कर दी. गोली अमोल महतो के दाहिने जांघ में लगी. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो आरोपी बाईक छोड़कर फरार हो गया.
