Ranchi: जमशेदपुर पुलिस ने MGMM मेडिकल कॉलेज हॉस्टल से चोरी हुए DELL कंपनी के लैपटॉप के मामले का उद्भेदन कर लिया है. मामले में पुलिस ने ब्लिंकिट कंपनी के डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार कर चोरी गया लैपटॉप बरामद कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी पवन कुमार मानगो थाना क्षेत्र के गुरुद्वारा रोड, शिव मंदिर के पास का रहने वाला है.
चार महीने बाद बरामद हुआ लैपटॉप
मिली जानकारी के अनुसार वादी सर्वेश मीणा MGMM बॉयज हॉस्टल कमरा नं0-403 ने 7 अप्रैल को MGMM थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी. आवेदन में बताया गया था कि हॉस्टल के कमरे से अज्ञात अपराधी ने लैपटॉप चोरी कर लिया है. इस संबंध में MGMM थाना (कांड संख्या-48/26) में मामला दर्ज किया गया था. मामले के उद्भेदन के लिए थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. तकनीकी साक्ष्य, CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने पवन कुमार को चोरी के आरोप में उसके आवास से गिरफ्तार किया. गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह ब्लिंकिट कंपनी में डिलीवरी बॉय का काम करता था. 28 मार्च की रात को वह ब्लिंकिट का सामान डिलीवर करने MGMM मेडिकल कॉलेज के बॉयज हॉस्टल गया था. सामान डिलीवर कर वापस लौटते समय उसने एक कमरे का दरवाजा खुला देखा. अंदर नीचे एक लैपटॉप रखा हुआ था. नियत खराब होने पर उसने लैपटॉप उठाकर अपने बैग में रख लिया और घर जाकर अलमारी में छुपा दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर की अलमारी से DELL कंपनी का लैपटॉप बरामद किया.
