Patna: औरंगाबाद नगर पुलिस ने खुद को प्रशिक्षु (ट्रेनी) IPS अधिकारी बताकर लोगों को डराने-धमकाने और ठगी करने वाले एक बेहद शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान विकास कुमार (उम्र 24 वर्ष), पिता स्वर्गीय जगदीश सिंह, निवासी अर्कढ़िवरीया, थाना टेकारी, जिला गयाजी के रूप में हुई है. पुलिस ने उसके पास से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है.
जसोईया मोड़ पर नशे की हालत में जमा रहा था धाक
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, नगर थानाध्यक्ष को सूचना मिली थी कि जसोईया मोड़ के पास एक व्यक्ति नशे की हालत में खुद को ट्रेनी IPS बताकर आम लोगों में दहशत फैला रहा है. सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया. जब पुलिस ने उसके गृह जिले (टेकारी, गया) के थानाध्यक्ष से सत्यापन कराया, तो पता चला कि आरोपी कोई पुलिस अधिकारी नहीं, बल्कि एक शातिर जालसाज है.
अधिकारियों को फोन कर मांगता था एस्कॉर्ट, दी थी ट्रेन उड़ाने की धमकी
जांच के दौरान आरोपी के बड़े कारनामों का खुलासा हुआ. आरोपी ने सासाराम के जेल अधीक्षक को फोन करके धमकाया था और खुद को रोहतास एसपी बताकर मोहनीया (कैमूर) थानाध्यक्ष से एस्कॉर्ट गाड़ियों की मांग की थी. इतना ही नहीं, पूर्व में उसने खुद को पटना एसएसपी राजीव कुमार मिश्रा बताकर जहानाबाद रेल थाना क्षेत्र में ट्रेन को बम से उड़ाने की झूठी सूचना दी थी. सी सम्बंध में रेल थाना (कांड संख्या-56/23) में मामला दर्ज है. आरोपी के खिलाफ पहले से ही गयाजी के मुफस्सिल थाने में DSP की धौंस दिखाकर ठगी करने (कांड संख्या-664/26) और औरंगाबाद नगर थाने में फर्जी IPS बनकर धोखाधड़ी करने के मामले दर्ज हैं (कांड संख्या-598/26 व 597/26).आरोपी ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है.
