Ranchi: बड़कागांव थाना क्षेत्र के पकरी बरवाडीह गांव में घर के बाहर खड़ा ट्रैक्टर चोरी होने के मामले का पुलिस कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया. चोरी के मामले में पुलिस ने एक संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार किया है. उसकी निशानदेही पर चोरी गया ट्रैक्टर भी जंगल से बरामद कर लिया गया.
पुलिस के अनुसार 19-20 सितंबर की रात पकरी बरवाडीह निवासी टुकन साव के घर के बाहर खड़ा ब्लू रंग का Eicher कंपनी का ट्रैक्टर अज्ञात अपराधियों ने चोरी कर लिया था. घटना के बाद टुकन साव ने 20 सितंबर को बड़कागांव थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई. इसके आधार पर बड़कागांव थाना (कांड संख्या 164/26) में मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू की गई.
ट्रैक्टर और घटना में शामिल अपराधियों का सुराग लगाने के लिए पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर गुप्तचरों को सक्रिय किया. इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने केरेडारी थाना क्षेत्र के उपरोल पहरा निवासी बिनोद कुमार को पकड़ा. पूछताछ के दौरान पुलिस के मुताबिक, बिनोद कुमार ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. इसके बाद उसकी निशानदेही पर बड़कागांव थाना क्षेत्र के लिखलाही घाटी जंगल में छापेमारी कर चोरी किया गया ट्रैक्टर बरामद कर लिया गया.
