Patna: किशनगंज जिले के पाठामारी थाना क्षेत्र में मवेशी तस्करों और एंट्री माफिया से सांठ-गांठ व अवैध उगाही के एक गंभीर मामले में एसपी संतोष कुमार ने कड़ा रुख अपनाया है. कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता और भ्रष्ट आचरण के आरोप में पाठामारी थानाध्यक्ष (एसआई) गंगा प्रसाद गुप्ता, एएसआई सुनील कुमार और चालक सिपाही पवन कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
क्या है पूरा मामला
मिली जानकारी के अनुसार, 17-18 अगस्त की रात्रि में पाठामारी थानाध्यक्ष एवं एएसआई सुनील कुमार द्वारा ठाकुरगंज टोल प्लाजा के पास मवेशी लदे एक ट्रक को रोके जाने की सूचना एसपी को मिली थी. पुलिसकर्मियों ने न तो इस कार्रवाई की जानकारी किसी वरीय पदाधिकारी को दी और न ही मवेशियों के कागजात की कोई जांच या सत्यापन किया. आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने मवेशी लदे ट्रक से अवैध वसूली कर उसे छोड़ दिया.
जांच में खुली पोल, 7 दिनों में मांगा गया जवाब
मामले की गंभीरता को देखते हुए SP संतोष कुमार ने एसडीपीओ-II, किशनगंज से इसकी जांच कराई. जांच रिपोर्ट के आधार पर तीनों पुलिसकर्मियों की अवैध गतिविधियों में संलिप्तता, स्वेच्छाचारिता और नैतिक अधमता उजागर हुई, जिसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई. साथ ही, विभागीय जांच का सामना कर रहे इन कर्मियों से 07 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण भी मांगा गया है.
किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कर्तव्य निर्वहन में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस प्रशासन “शून्य सहिष्णुता” (Zero Tolerance) की नीति पर काम कर रहा है और दोषी पाए जाने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कड़ी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी.
