Patna: सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर किशनगंज पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. गाँधी चौक पर ठेले वालों से गाली-गलौज और कथित तौर पर शराब के नशे में अभद्रता करने वाले सिपाही निभाकर चौधरी को एसपी संतोष कुमार ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. एसपी संतोष कुमार ने पूरे जिले के सिपाही से लेकर डीएसपी तक सभी पुलिस पदाधिकारी व कर्मी को आमजनों से शालीनतापूर्वक व्यवहार करने का निर्देश दिया है. गलत व्यवहार करने वालों पर कठोर कार्रवाई होगी.
क्या है मामला
9 जून को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ. इसमें गाँधी चौक पर एक पुलिस कर्मी वाहनों/ठेलों को यत्र-तत्र करते और ठेलेदारों से अभद्र भाषा का प्रयोग करते दिखा. वीडियो में उसके शराब के नशे में होने की बात भी कही गई. एसपी संतोष कुमार ने तुरंत यातायात डीएसी से जांच कराई. जांच में सिपाही की पहचान किशनगंज थाना में तैनात निभाकर चौधरी के रूप में हुई. स्थानीय लोगों और ठेलेदारों ने भी घटना की पुष्टि की. जांच रिपोर्ट में निभाकर चौधरी का कृत्य घोर लापरवाही, मनमानेपन, स्वेच्छाचारिता, अनुशासनहीनता और उदण्डतापूर्ण पाया गया. उसे तत्काल प्रभाव से सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया गया है. 7 दिनों के अंदर विभागीय जांच के विरुद्ध स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया है.
