Patna: जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने बुधवार को भोजपुर के जवनिया गांव में गंगा कटाव निरोधी कार्यों का निरीक्षण किया. उन्होंने अभियंताओं को सख्त निर्देश दिया कि मानसून से पहले अगले एक माह में सभी काम हर हाल में पूरे किए जाएं. गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा. सचिव ने स्थानीय लोगों से बात कर उनकी समस्या और फीडबैक लिया. ग्रामीणों ने बताया कि गंगा के लगातार कटाव से बड़ी चुनौती थी. चल रहे संरक्षण कार्यों पर उन्होंने संतोष जताया.
किन गांवों को मिलेगा फायदा
यूपी की सीमा से सटे शाहपुर प्रखंड के गंगापुर, भुसौला, नन्दपुर और दामोदरपुर (जवनिया) को गंगा के कटाव से बचाने के लिए 1200 मीटर लंबाई में कटाव निरोधी कार्य चल रहा है. परियोजना की लागत 52.56 करोड़ है. सचिव ने सभी कटाव निरोधी कार्य अगले एक माह में पूरे करने का निर्देश दिया है. मानसून की संवेदनशीलता देखते हुए सभी जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने को कहा है. काम की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं, समय-सीमा में काम खत्म करने का निर्देश दिया है. परियोजना पूरी होने पर स्थानीय आबादी और सार्वजनिक संपत्ति को गंगा कटाव से प्रभावी सुरक्षा मिलेगी.
