Patna: साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई, बिहार (पटना) की टीम ने इंटरस्टेट साइबर ठगी से जुड़े एक बड़े संगठित सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और गुप्त सूचना के आधार पर पटना साइबर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए गिरोह के 10 सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपी में राहुल कुमार (27), कुलदीप सिंह (40), राजू कुमार (26), कन्हैया कुमार (28), शिशुपाल सिंह (40), विष्णु कुमार (26), राहुल हेला (40), धनराज कुमार (18) और शाकिबध्शारिक आलम (18) शामिल हैं. आरोपी के निशानदेही पर 38 मोबाइल फोन, 64 एटीएम कार्ड, 82 चेकबुक, 76 पासबुक, 09 सिम कार्ड, 09 पैन कार्ड, 17 आधार कार्ड, 01 पेन ड्राइव और एक स्कूटर पुलिस ने बरामद किया है. इस संबंध में पटना साइबर थाना (कांड संख्या-1360/26) में मामला दर्ज किया गया है.
अन्य राज्यों से लोगों को बुलाकर बदलते थे आधार का पता
जांच में खुलासा हुआ है कि यह गिरोह अन्य राज्यों से लोगों को प्रलोभन देकर पटना बुलाता था. इसके बाद उनके आधार कार्ड के पते में अवैध तरीके से बदलाव कर विभिन्न बैंकों में फर्जी खाते खुलवाए जाते थे. इन्हीं खातों और बैंकिंग संसाधनों का इस्तेमाल साइबर ठगी की रकम के लेन-देन और निकासी के लिए किया जाता था.
पुलिस की अपील
साइबर अपराध एवं सुरक्षा इकाई ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में आकर अपने बैंक खाते, एटीएम कार्ड, सिम या पहचान संबंधी दस्तावेज किसी को उपलब्ध न कराएं और न ही अपने खातों का उपयोग किसी अन्य के लिए होने दें.
