Ranchi: नामकुम थाना पुलिस ने मवेशी चोरी के एक संगठित गिरोह का खुलासा करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चोरी के चार गोवंशीय पशु, एक XUV कार (JH01BN-7798), बुलेट (JH01CW-1008), पल्सर बाईक (JH01FS-6583) और स्कूटी (JH01DC-0524) बरामद की है. गिरफ्तार आरोपी में लोअर बाजार थाना क्षेत्र के कर्बला टैंक रोड के रहने वाले मो० शहनवाज उर्फ सन्नी, इमारत सरिया डोमटोली के रहने वाले अमन कुरैशी, पत्थल कुदवा मिल्लत कॉलोनी के रहने वाले सैफ, कर्बलाटैंक रोड, इमारत सरिया डोमटोली के रहने वाले अलताफ कुरैशी, फिरोज कुरैशी उर्फ कुकु और सुखदेवनगर थाना क्षेत्र के पहाड़ी टोला शहीद चौक के रहने वाले शोयेब अहमद का नाम शामिल है. गिरोह के सदस्य गाय और बछड़ों की चोरी कर उन्हें अवैध तरीके से बूचड़खाने ले जाने और गोमांस बेचने का काम करते थे.

पुरानी लोवाडीह से गाय-बछड़ा चोरी की शिकायत

मामला नामकुम थाना (कांड संख्या-282/26) से जुड़ा है. कांटाटोली के कुरैशी मोहल्ला निवासी इरशाद कुरैशी ने नामकुम थाना में आवेदन देकर बताया था कि सामलौंग पुरानी लोवाडीह से उनकी गाय और बछड़े को XUV वाहन (JH01BN-7798) में लोड कर चोरी कर लिया गया. आरोप था कि पशुओं को अवैध तरीके से बूचड़खाने ले जाकर गोकशी करने की नीयत थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची एसएसपी के निर्देश पर वरीय डीएसपी मुख्यालय-प्रथम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. गठित टीम ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे एक गिरोह बनाकर गाय एवं बछड़ों की चोरी करते थे और उन्हें अवैध तरीके से बूचड़खाने में कटवाकर गोमांस बेचते थे. 7 अक्टूबर को पुरानी लोवाडीह चौक के पास से भी उन्होंने गोवंशीय पशुओं की चोरी की थी. गिरफ्तार आरोपियों में सैफ और फिरोज कुरैशी उर्फ कुकु का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है. पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *