Patna: किशनगंज पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 अंतर्राज्यीय तस्करों को 2.357 किग्रा अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है. बरामद माल का अंतर्राष्ट्रीय बाजार मूल्य करीब 4.70 करोड़ रुपये आंका गया है. गिरफ्तार आरोपी मं मधेपुरा जिले क वार्ड नं-09 के रहने वाले रजनीश कुमार और खौपेती के रहने वाले सुशांत कुमार का नाम शामिल है. पूछताछ में दोनों ने बताया कि ये सिंडिकेट बनाकर नशे की तस्करी करते हैं. इनके सिंडिकेट में बंगाल के मालदा और मधेपुरा के कई तस्कर शामिल हैं. यह खेप मालदा से मधेपुरा जा रही थी. इस संबंध में कोचाधामन थाना (कांड संख्या 343/26) में मामला दर्ज किया गया है. तस्करी में शामिल मालदा और मधेपुरा के अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
कहां और कैसे हुई गिरफ्तारी
मामले की जानकारी देते हुए किशनंगज एसपी संतोष कुमार ने बताया कि सूचना मिली थी कि तस्कर गिरोह अवैध मादक पदार्थ की बड़ी खेप लेकर कोचाधामन थाना क्षेत्र से गुजरेगा. सूचना पर एसडीपीओ-1 के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. टीम ने कोचाधामन थाना क्षेत्र अंतर्गत रहमतपाड़ा के पास वाहन चेकिंग लगाई. तभी मस्तान चौक की तरफ से तेज आती Kia Sonet कार को रोकने की कोशिश की तो चालक भागने लगा. घेराबंदी कर गाड़ी रोकी गई और मजिस्ट्रेट के समक्ष तलाशी ली गई. तलाशी में कार के बोनट के अंदर विशेष रूप से बनाए गए सीक्रेट बॉक्स से 2.357 किग्रा हेरोइन, Kia Sonet वाहन (BR02BS0143) और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए.
