Ranchi: दिनेश कुमार राय हत्याकांड का खुलासा करते हुए दुमका के रामगढ़ थाना पुलिस ने पति-पत्नी समेत चार आरोपी को गिरफ्तार किया है. प्रेम प्रसंग में योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया था. गिरफ्तार आरोपी में रामगढ़ थाना क्षेत्र के झुंझी के रहने वाले देवा गृहीं, पत्नी बनासारी देवी, आशिक गृही और काठीकुण्ड थाना क्षेत्र के आसनबनी के रहने वाले जगेवर देहरी का नाम शामिल है. आरोपी के निशानदेही पर मृतक का मोबाईल, खून लगा हुआ दो पत्थर, घटना में प्रयुक्त लोहे का रड, कुल्हाड़ी और आरोपी का दो मोबाईल पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 5 मई क सूचना मिली कि झुंझी एवं दोन्दिया के बीच स्थित डंगाल में एक व्यक्ति का शव मृत अवस्था में पड़ा हुआ है. सूचना पर रामगढ़ थाना में सनहा (सं0-08/26) दर्ज किया गया. पुलिस दलबल के साथ दोंदिया डंगाल पहुँचकर शव का छानबीन किया तो प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हुआ. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए फुलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया. मृतक दिनेश कुमार राय की पत्नी ललिता देवी के फर्दब्यान के आधार पर रामगढ़ थाना (काण्ड सं0-34/26) में मामला दर्ज किया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया. गठित एसआईटी को गुप्त सूचना एवं तकनीकी अनुसंधान के क्रम में पता चला कि मृतक दिनेश कुमार राय एवं बनासरी देवी के बीच प्रेम प्रसंग था. जिसके आधार पर बनासरी देवी एवं उसके पति देवा गृही को हिरासत में लेकर पुलिस पुछताछ किया. पुछताछ करने पर दोनो ने अपने अन्य सहयोगी जोगेश्वर देहरी एवं आशिक गृही के साथ मिलकर अपराधिक षडयंत्र रचकर दिनेश कुमार राय की हत्या करने की बात स्वीकार किया. इसके बाद देवा गृही, बनासारी देवी, आशिक गृही, जगेश्वर देहरी को गिरफ्तार किया गया. आरोपी के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लोहे का रड, खून लगा हुआ दो पत्थर, मृतक का मोबाईल एवं कुल्हाड़ी को बरामद किया गया.
