Ranchi: हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के राजकीय मध्य विद्यालय भूषणडीह में हुई चोरी की घटना का चौपारण पुलिस ने 24 घंटे के अंदर उद्भेदन कर लिया है. पुलिस ने घटना में शामिल सभी 4 आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गया सामान भी बरामद कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी में राकेश राणा, संतोष कुमार यादव, युगेश माली और रितेश कुमार यादव का नाम शामिल है. सभी आरोपी चौपारण थाना क्षेत्र के भूषणडीह का रहने वाला है. आरोपी के निशानदेही पर चोरी गई बैटरी औऱ स्टेबलाइजर पुलिस ने बरामद किया है.
मिली जानकारी के अनुसार बीते शनिवार को अज्ञात चोरों ने राजकीय मध्य विद्यालय भूषणडीह में चोरी की घटना को अंजाम दिया था. चोरों ने स्कूल से बैटरी और स्टेबलाइजर चुरा लिए थे. घटना की जानकारी मिलते ही हजारीबाग एसपी ने इसका संज्ञान लेते हुए चौपारण थाना प्रभारी को सभी आरोपी को अविलंब गिरफ्तार करने का निर्देश दिया. एसपी के निर्देश के आलोक में थाना प्रभारी अनुसंधान शुरू किया. पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर चोरी में शामिल सभी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही चोरी गए सामान को भी बरामद कर लिया गया.
