Patna: सीतामढ़ी में अवैध वेबसाइटों के माध्यम से फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए पुलिस चार आरोपी को गिरफ्तार किया है. ऑपरेशन साइबर प्रहार 3.0 के तहत पुलिस यह कार्रवाई की है. गिरफ्तार आरोपी में बोखड़ा थाना क्षेत्र के बुधनगरा के रहने वाले चंदन कुमार, झिटकी के रहने वाले अनिल कुमार, रीगा थाना क्षेत्र के शिवनगर के रहने वाले सुरज कुमार और गाढ़ा थाना क्षेत्र के प्रेमनगर के रहने वाले निर्मल कुमार का नाम शामिल है. मौके पर से कंप्यूटर सिस्टम, मॉनिटर, डीवीआर, मोबाइल, अंगूठा स्कैनर, एटीएम कार्ड, 70 से अधिक फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वोटर आईडी, जन्म प्रमाण पत्र, बैंक पासबुक, आय, आवास प्रमाण पत्र एवं अन्य दस्तावेज पुलिस ने बरामद किया है.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सीतामढ़ी एसपी के निर्देश पर सीसीएसयू से प्राप्त गुप्त सूचना पर सीतामढ़ी साइबर थाना के सहयोग से बोखड़ा, गाढ़ा एवं रीगा थाना क्षेत्र में विशेष अभियान “ऑपरेशन साइबर प्रहार 3.0” चलाया गया. इसी क्रम में बोखड़ा, रीगा एवं गाढ़ा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध वेबसाइटों के माध्यम से फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोह का उद्भेदन करते हुए चार आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया. छापेमारी में भारी मात्रा में फर्जी दस्तावेज एवं दस्तावेज बनाने वाले कई उपकरण बरामद किए गए हैं. जांच के क्रम में आरोपी के मोबाइल एवं कंप्यूटर सिस्टम में कई संदिग्ध एवं अवैध वेबसाइट संचालित पाई गईं, जिसका उपयोग विभिन्न व्यक्तियों के नाम एवं पते का दुरुपयोग कर फर्जी दस्तावेज तैयार करने में किया जा रहा था. इस संबंध में बोखड़ा थाना (कांड संख्या-127/26), रीगा थाना (कांड संख्या-202/26) एवं गाढ़ा थाना (कांड संख्या-46/26) में मामला दर्ज किया गया है. साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य आरोपी की पहचान एवं गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई जारी है.
