Ranchi: कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के महराणा प्रताप चौक के समीप बिना किसी वैध प्राधिकार के टोल वसूली किए जाने का मामला सामने आया है. नगर परिषद के नाम पर रसीद छपवाकर अवैध वसूली किए जाने की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के पास से टोल वसूली से संबंधित 9 रसीद बरामद की है. गिरफ्तार आरोपी में भरत रजक औऱ अनिल यादव का नाम शामिल है. दोनो आरोपी तिलैया थाना क्षेत्र का रहने वाला है.

नगर परिषद के राजस्व निरीक्षक की सूचना पर हुई कार्रवाई

मिली जानकारी के अनुसार राजस्व निरीक्षक, नगर परिषद झुमरी तिलैया ने तिलैया थाना क्षेत्र के महराणा प्रताप चौक के समीप बिना वैध प्राधिकार के स्वयं रसीद छपवाकर टोल वसूली किए जाने की सूचना दी थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए कोडरमा एसपी के निर्देश पर तिलैया थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. गठित टीम ने महराणा प्रताप चौक के समीप छापेमारी की. इस दौरान कथित रूप से अवैध तरीके से टोल वसूली कर रहे दो व्यक्तियों को पुलिस ने पकड़ लिया. पूछताछ के दौरान दोनों से वसूली से संबंधित वैध प्राधिकार, अनुमति या सक्षम अधिकारी द्वारा जारी दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके. जांच के दौरान आरोपियों के पास से कार्यपालक पदाधिकारी, झुमरी तिलैया नगर परिषद के नाम से छपी 7 रसीद तथा कार्यपालक पदाधिकारी के नाम से छपी 2 अन्य रसीद बरामद की गई. इसके अलावा पुलिस ने प्रशासक, झुमरी तिलैया नगर परिषद द्वारा निर्गत पूर्णिमा टॉकीज से महराणा प्रताप चौक के समीप ऑटो/रिक्शा स्टैंड की बंदोबस्ती से संबंधित प्रति भी बरामद की है. इस संबंध में तिलैया थाना (कांड संख्या 294/26) में मामला दर्ज किया गया है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *