Patna: औरंगाबाद पुलिस ने गोह थाना क्षेत्र के देवहारा बाजार से झपट्टामारी और चोरी करने वाले इंटरस्टेट गिरोह के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर तीन सोने का जिउतिया, एक चांदी का जिउतिया, एक पायल, एख बाईक और 2,000 रुपया नगद पुलिस ने बरामद की है. गिरफ्तार आरोपी में मध्यप्रदेश के दतिया जिले क प्रकाशनगर के रहने वाले वनटेस और दीपू मोगिया का नाम शामिल है. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे मूल रूप से मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं. वे दिन में चूड़ी और बाला बेचने के बहाने सूने व खाली घरों की रेकी करते थे. मौका मिलते ही दिन में झपट्टामारी या चोरी करते और रात में चिह्नित घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई है कि दोनों आरोपी मंटु या नट गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं. इस संबंध में गोह थाना (कांड संख्या- 268/26) में मामला दर्ज किया गया है.

ग्रामीणों की मदद से दबोचे गए बदमाश

घटना के संबंध में बताया गया कि बीते दो अक्टूबर को देवहारा बाजार में बाईक सवार दो अपराधियों ने एक व्यक्ति से सोने व चांदी के आभूषण झपट्टा मारकर छीन लिए. पीड़ित द्वारा शोर मचाने पर स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से दोनों अपराधियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया. सूचना मिलते ही गोह थाना पुलिस कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में ले लिया. पूछताछ में बदमाशों की निशानदेही पर देवहारा बाजार स्थित झाड़ी से छिपाकर रखे गए सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए गए. इसके बाद दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया. दीपू मोगिया के खिलाफ पूर्व में भी मध्य प्रदेश के सिविल लाइन थाने में मामला (कांड संख्या- 236/22) दर्ज है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *