Patna: कटिहार जिले के बरारी थाना क्षेत्र में तंत्र-मंत्र के कारण मौत होने का आरोप लगाकर एक परिवार के साथ मारपीट और पति के अपहरण का मामला सामने आया है. इस मामले में कटिहार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में पिंटू मंडल उर्फ राजीव मंडल, अरविंद मंडल और धीरज मंडल (18) शामिल हैं. तीनों आऱोपी बरारी थाना क्षेत्र के उचला बिंद टोला के निवासी हैं. आरोप है कि 12 लोगों ने एकजुट होकर महिला के घर में जबरन प्रवेश किया, उसके और उसके पति के साथ मारपीट की तथा पति दिनेश मंडल को चारपहिया वाहन से जबरन उठाकर ले गए। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक कार भी बरामद की है.

घर का दरवाजा तोड़कर घुसे थे आरोपी

पुलिस के अनुसार, 28 नवंबर को बरारी थाना क्षेत्र के उचला बिंद टोला निवासी रेनू देवी ने आवेदन देकर आरोप लगाया कि उनके भैंसुर नंदलाल मंडल की मृत्यु के बाद गांव के 12 नामजद लोगों ने एकजुट होकर उनके घर का दरवाजा तोड़ दिया और जबरन अंदर प्रवेश कर गए. आरोपियों ने तंत्र-मंत्र के कारण नंदलाल मंडल की मृत्यु होने का आरोप लगाते हुए महिला और उसके पति के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी.

लाठी-डंडे से पिटाई के बाद पति का अपहरण

आवेदन के मुताबिक, आरोपी महिला और उसके पति को जबरन अपने घर ले गए, जहां लाठी-डंडे और घातक हथियारों से दोनों की बेरहमी से पिटाई की गई. मारपीट में दोनों घायल होकर अर्धमूर्छित हो गए. इसके बाद आरोपी महिला के पति दिनेश मंडल को जबरन चारपहिया वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए. साथ ही पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए बरारी थाना में कांड संख्या 415/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया. थानाध्यक्ष ने कार्रवाई करते हुए मामले में नामजद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों में पिंटू मंडल उर्फ राजीव मंडल, अरविंद मंडल और धीरज मंडल (18) शामिल हैं. तीनों उचला बिंद टोला के निवासी हैं. पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक कार बरामद की है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed