Patna: भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरीय अधिकारी धर्मेंद्र सिंह ने सोमवार को गन्ना उद्योग विभाग के सचिव का प्रभार ग्रहण किया. इस अवसर पर गन्ना विभाग के निवर्तमान अपर मुख्य सचिव के. सेंथिल कुमार ने नये सचिव का स्वागत किया. सचिव का प्रभार लेने के बाद उन्होंने विभागीय पदाधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें राज्य में संचालित गन्ना विकास योजनाओं, किसानों के हित में चलाए जा रहे कार्यक्रमों तथा चीनी उद्योग से संबंधित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की.

ईखायुक्त अनिल कुमार झा ने विभाग की अद्यतन स्थिति और किसानों के हित में चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी. सचिव ने विभाग के लिए कई प्राथमिकताएं तय की, जिसमें विभाग द्वारा राज्य की बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः परिचालित करने पर विशेष ध्यान केंद्रित करने, आगामी पेराई सत्रों में मिलों को पूरी क्षमता से चलाने के लिए पर्याप्त मात्रा में गन्ने की आपूर्ति सुनिश्चित करने, राज्य में गन्ना खेती का क्षेत्र विस्तार और किसानों को उच्च उत्पादकता वाले प्रमाणित गन्ना बीजों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित कराने को शीर्ष प्राथमिकता में रखा गया.

विभाग में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया होगी तेज

विभागीय कामकाज को अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए ईख प्रसार पदाधिकारियों सहित अन्य रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया तेज की जाएगी. सचिव ने कहा कि रिक्तियों के भरने से जमीनी स्तर पर योजनाओं की बेहतर मॉनिटरिंग और उनका सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सकेगा. उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि गन्ना खेती को अधिक मुनाफे का सौदा बनाने के लिए किसानों को बुआई और कटाई के सही समय पर उन्नत कृषि यंत्र, प्रमाणित बीज, पारदर्शी अनुदान और अन्य आवश्यक तकनीकी सहायता बिना किसी देरी के उपलब्ध कराई जाए. इसके लिए फील्ड स्तर पर लगातार नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाएगी ताकि किसानों की समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके और राज्य के गन्ना उद्योग को एक नई गति मिल सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


You missed