Patna: शादी की तैयारियों के बीच एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर दिया. छह माह की गर्भवती 23 वर्षीय युवती की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उसके मंगेतर ने ही कर दी. 16 नवंबर को दोनों की शादी होनी तय थी, लेकिन शादी से महज तीन दिन पहले आरोपी ने युवती को रात में फोन कर मिलने के बहाने बुलाया और दुपट्टे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद अपने पिता और भाई के साथ मिलकर शव को खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया. किशनगंज पुलिस ने इस हत्याकांड का खुलासा करते हुए पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र के काला सिंघिया निवासी मुख्य आरोपी मंगेतर बासिद आलम को बंगाल की सीमा के पास रतनपुर गांव से गिरफ्तार किया है. उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कुदाल भी बरामद की गई है. इस हत्याकांड में आरोपी के पिता और भाई की संलिप्तता भी सामने आई है. दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है.
नमाज के लिए जगाने पहुंचे पिता तो बिस्तर से गायब मिली बेटी
पुलिस के अनुसार, 14 नवंबर की सुबह काला सिंघिया गांव निवासी जितालु ने पहाड़कट्टा थाना में आवेदन देकर अपनी 23 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी रात में परिवार के साथ घर में सोई हुई थी. सुबह करीब चार बजे जब वह उसे नमाज पढ़ने के लिए जगाने पहुंचे तो वह बिस्तर पर नहीं मिली. आसपास काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद पुलिस ने पहाड़कट्टा थाना (कांड संख्या 297/26) में मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू की.
गांव के खेत में गड्ढे से मिला युवती का शव
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस ने खोजबीन और तकनीकी अनुसंधान के दौरान 15 नवंबर को युवती के गांव के ही एक खेत में बने गड्ढे से उसका शव बरामद किया. घटनास्थल को सुरक्षित कर एफएसएल टीम से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए गए. शव का सदर अस्पताल किशनगंज में पोस्टमार्टम कराया गया.
मंगेतर ने ही रात में फोन कर बुलाया था
अनुसंधान के दौरान तकनीकी साक्ष्यों से पता चला कि युवती को उसके गांव के ही मंगेतर बासिद आलम ने रात में मोबाइल फोन से बुलाया था. इसके बाद से ही वह लापता हो गई थी. पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि दोनों की शादी 16 नवंबर को निर्धारित थी. जब पुलिस ने मंगेतर के घर छापेमारी की तो परिवार के सभी सदस्य फरार मिले. इसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया.
शादी के लिए तैयार नहीं था आरोपी, छह माह की गर्भवती थी युवती
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में बासिद आलम ने बताया कि युवती के साथ उसकी करीब एक साल से दोस्ती थी और वह छह माह की गर्भवती थी. परिजनों और पंचायत के दबाव में वह युवती से शादी करने के लिए तैयार हुआ था, लेकिन वह और उसके परिवार के सदस्य इस शादी के पक्ष में नहीं थे. आरोपी के कथित खुलासे के अनुसार, उसने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई. शादी से तीन दिन पहले यानी 13 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे युवती को मोबाइल फोन से मिलने के बहाने घर के पास स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में बुलाया गया. वहां उसके दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी गई.
खेत में गड्ढा खोदकर छिपाया शव, कुदाल बरामद
हत्या के बाद आरोपी ने अपने पिता और भाई के साथ मिलकर शव को पास के खेत में ले जाकर कुदाल से गड्ढा खोदा और मिट्टी डालकर छिपा दिया. इसके बाद परिवार के सभी सदस्य गांव छोड़कर फरार हो गए. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर के पीछे बांस की झाड़ी के पास से घटना में इस्तेमाल की गई कुदाल बरामद की है.
